शेख हसीना की वापसी पर बांग्लादेश का बड़ा बयान, मंत्री बोलीं- प्रत्यर्पण के लिए हर स्तर पर जारी हैं प्रयास

Follow Us

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर सरकार ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि शेख हसीना को वापस लाने के लिए राजनयिक और कानूनी स्तर पर सभी आवश्यक प्रयास लगातार जारी हैं। उनके अनुसार, सरकार इस प्रक्रिया को पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रही है और कूटनीतिक कोशिशों में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जा रही।

पिछले वर्ष राजनीतिक उथल-पुथल और व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया था। इसके बाद वह भारत पहुंचीं, जहां वह फिलहाल रह रही हैं। बांग्लादेश में उनके खिलाफ आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और सत्ता के दुरुपयोग से जुड़े कई मामलों की जांच चल रही है। इन्हीं मामलों के आधार पर उन्हें वापस लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

शमा ओबैद इस्लाम ने बताया कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण की पहल अंतरिम सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी, जिसे वर्तमान सरकार आगे बढ़ा रही है। उनका कहना है कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पूर्व प्रधानमंत्री बांग्लादेश लौटकर अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करें।

वहीं, शेख हसीना अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता चुकी हैं और उन्हें खारिज करती रही हैं। दूसरी ओर, भारत ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश के प्रत्यर्पण अनुरोध की समीक्षा भारतीय कानून और स्थापित न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही है। फिलहाल इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच राजनयिक स्तर पर बातचीत जारी है।