कंगना रनौत ने केतन अग्रवाल मर्डर केस पर दी प्रतिक्रिया, रिश्तों और युवाओं को लेकर बयान हुआ वायरल

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने केतन अग्रवाल हत्या मामले से जुड़ी उन खबरों पर प्रतिक्रिया दी है, जिनमें दावा किया गया था कि हत्या की आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने घटना से पहले गुपचुप शादी कर ली थी। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि फिलहाल ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई थी। इसी के आधार पर कथित शादी की चर्चाएं सामने आईं। यह मामला लोहागढ़ किले में व्यवसायी केतन अग्रवाल की हत्या के बाद सुर्खियों में आया।

इन खबरों के बीच कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर आधुनिक रिश्तों, डिजिटल संस्कृति और युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने को लेकर एक संदेश साझा किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जुनून को करियर, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों की ओर केंद्रित करें। कंगना ने अपने पोस्ट में कहा कि बिना लक्ष्य के जुनून कई बार आत्म-विनाशकारी रास्तों की ओर ले जा सकता है। उन्होंने युवाओं को खुले विचारों के साथ जिम्मेदार और अनुशासित जीवन जीने की सलाह दी। वहीं, पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित गुप्त शादी के दावों को खारिज किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा कि जांच में अब तक दोनों की शादी से जुड़ा कोई प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह जानकारी कहां से सामने आई और कैसे फैली।