मुंबई। मुंबई में मानसून ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि मुंबई लोकल, मेट्रो और हवाई सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर पालिका (BMC) ने शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों के दोपहर सत्र की छुट्टी घोषित कर दी है। प्रशासन ने नागरिकों से केवल जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। IMD ने दोपहर 1 बजे से अगले तीन घंटों के लिए मुंबई, ठाणे और पुणे के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से मुंबई लोकल ट्रेनें करीब 15 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दहिसर ईस्ट और अंधेरी वेस्ट के बीच मेट्रो लाइन पर तकनीकी खराबी आने से सेवाएं लगभग 90 मिनट तक बाधित रहीं। मुंबई एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम का असर देखने को मिला। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच कम से कम चार उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि 12 से 13 विमानों को गो-अराउंड करना पड़ा। इंडिगो ने यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी है।
भारी बारिश के चलते अंधेरी सबवे को जलभराव के कारण बंद कर दिया गया है। भांडुप में एक निर्माणाधीन स्थल ढहने की घटना भी सामने आई है। इसके अलावा नवी मुंबई की सब्जी मंडी, सनपाड़ा अंडरपास, दादर के मीनाताई ठाकरे बाजार, सायन गांधी मार्केट, वसई-विरार के तुलिंज और अलायंस अस्पताल रोड सहित कई इलाकों में पानी भर गया है। दादर में पेड़ गिरने की घटना भी दर्ज की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने, मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के आधिकारिक निर्देशों का पालन करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
