डायल 112 टीम का मानवीय चेहरा, घरेलू हिंसा से परिवार को बचाया; इनाम की राशि भी ठुकराई

Follow Us

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में डायल 112 पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक परिवार को घरेलू हिंसा से बचा लिया। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा में हुई इस घटना में पुलिस ने न सिर्फ हालात को नियंत्रित किया, बल्कि काउंसलिंग कर एक बड़ा विवाद भी शांत कराया। जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई की रात करीब 9 बजे डायल 112 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में अपने ही परिवार के सदस्यों—पत्नी, बच्चों, सास-ससुर—के साथ मारपीट कर रहा है और घर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। टीम में शामिल आरक्षक आशुतोष बंजारे और अन्य स्टाफ ने बल प्रयोग की बजाय मानवीय और मनोवैज्ञानिक तरीके से आरोपी को समझाइश दी। काउंसलिंग के बाद आरोपी को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने परिवार से माफी मांग ली। पुलिस की इस पहल से एक बड़ी अनहोनी टल गई और परिवार टूटने से बच गया।

इस दौरान पीड़ित परिवार ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताते हुए उन्हें 1,000 रुपये की सम्मान राशि देना चाहा, लेकिन टीम ने कर्तव्य का हवाला देते हुए इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम की इस ईमानदारी और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। बाद में कॉलर ने वीडियो संदेश जारी कर पुलिस टीम का धन्यवाद भी किया।