PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत तेज: ‘हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं’, 24वें दिन हजारों का प्रदर्शन, शौकत नवाज गिरफ्तार

Follow Us

रावलकोट। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तानी सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं। आंदोलन के 24वें दिन जम्मू-कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) की अगुआई में रावलकोट के ईदगाह मैदान में हजारों लोग जुटे और “हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं हैं” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने महंगाई, खाद्य संकट और प्रशासनिक नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

इधर आंदोलन को नियंत्रित करने के लिए पाकिस्तान प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ₹1 करोड़ के इनामी शौकत नवाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा JAAC के 600 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

रैली को संबोधित करते हुए JAAC प्रमुख सरदार अमन खान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सेना ने पहले कश्मीरियों को हथियार दिए थे, लेकिन अब उन्हीं लोगों को आतंकवादी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को राशन की नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों की जरूरत है। उनका दावा था कि यदि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित रही तो लोग मजबूरी में दूसरा रास्ता अपनाने पर विवश होंगे।

बताया जा रहा है कि यह आंदोलन शुरुआत में महंगाई, खाद्य संकट और बढ़ती कीमतों के विरोध में शुरू हुआ था, लेकिन अब यह पाकिस्तान सरकार के खिलाफ व्यापक राजनीतिक विरोध का रूप ले चुका है। हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के बाद नाराजगी और बढ़ गई, जिसमें उन्होंने रावलकोट और मीरपुर के लोगों को “असल कश्मीरी नहीं” बताया था।

सरदार अमन खान ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन केवल सुधारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पाकिस्तान से पूरी तरह अलग होने की मांग तक पहुंच सकता है। रैली में कुछ वक्ताओं ने भारत के साथ संवाद बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

बताया जा रहा है कि PoK में चल रहे इस आंदोलन को विदेशों में रह रहे लोगों का भी समर्थन मिल रहा है। कई देशों में पाकिस्तानी दूतावासों के बाहर प्रदर्शन किए गए हैं। हालांकि, आंदोलन से जुड़े कई दावों और आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।