48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, आत्महत्या नहीं निकली हत्या; मां और भाई गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। धमतरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आत्महत्या का रूप दिए गए हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार किया गया है। घटना कुरूद के बिरेझर चौकी क्षेत्र के ग्राम गोजी की है। पुलिस के अनुसार, 29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच शुरू की गई।

घटनास्थल के निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि युवक की मौत आत्महत्या से नहीं, बल्कि गला दबाने और रस्सी से श्वास अवरुद्ध किए जाने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पूछताछ के दौरान मृतक के भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में उन्होंने पहले उसका गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्हें शक था कि युवक जीवित हो सकता है, इसलिए उसे कीटनाशक भी पिलाया गया।

हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो और पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि, वैज्ञानिक जांच और सूक्ष्म विवेचना के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या समेत संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।