मुंबई। गुरुवार को सोने और चांदी के बाजार में मिश्रित रुख देखने को मिला। जहां सोने की कीमतें लगभग स्थिर बनी रहीं, वहीं चांदी में तेज बढ़त दर्ज की गई और यह आधे प्रतिशत से अधिक चढ़ गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद 1,44,430 रुपये के मुकाबले 548 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,882 रुपये पर खुला। हालांकि शुरुआती कारोबार में इसमें हल्की खरीदारी लौटी। सुबह 9:48 बजे तक सोना 1,44,206 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसका न्यूनतम स्तर 1,43,882 रुपये और अधिकतम स्तर 1,44,448 रुपये दर्ज हुआ।
दूसरी ओर, चांदी में तेजी का रुख रहा। 5 सितंबर 2026 कॉन्ट्रैक्ट 2,30,384 रुपये के मुकाबले 812 रुपये की बढ़त के साथ 2,31,196 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1,253 रुपये या 0.54% की तेजी के साथ 2,31,637 रुपये पर पहुंच गया। चांदी ने दिन में 2,30,973 रुपये का न्यूनतम और 2,32,339 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ। वैश्विक बाजार में भी दोनों धातुओं में मिला-जुला रुख रहा। सोना 0.14% गिरकर 4,076 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.14% बढ़कर 60.59 डॉलर प्रति औंस पर रही। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत अनिश्चितता और मुद्रास्फीति पर मिली-जुली टिप्पणी के कारण निवेशक सतर्क बने हुए हैं, जिससे कीमतों में सीमित दायरे में कारोबार हो रहा है।
