नई दिल्ली। भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की है। उन्होंने खास तौर पर अभिषेक शर्मा की आक्रामक और समझदारी भरी बल्लेबाजी को मैच का सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू बताया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो सकी और मैच रद्द कर दिया गया। पार्थिव पटेल ने कहा कि, भारत ने अनुकूल परिस्थितियों का इंतजार करने के बजाय चुनौतीपूर्ण हालात में खेलने का फैसला लिया, जो टीम के आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने 190 रन के स्कोर को इस पिच पर मजबूत बताया।
अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए पटेल ने कहा कि, उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के खिलाफ बेहतरीन शॉट खेले और परिस्थितियों को जल्दी समझकर उसका फायदा उठाया। पटेल के अनुसार, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मुश्किल परिस्थितियों में लगातार रन बनाना किसी भी बल्लेबाज की असली क्षमता को दर्शाता है, और अभिषेक ने खुद को साबित किया है। अब भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।
