दिल्ली में बड़ा आतंकी नेटवर्क ध्वस्त: ISI से जुड़े 4 आतंकी गिरफ्तार, हथियारों के साथ दहशत फैलाने की साजिश नाकाम

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा था। इस कार्रवाई में दिल्ली और पंजाब से चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। आरोपियों के पास से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल सहित दो विदेशी सेमी-ऑटोमैटिक हथियार, नौ कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि, आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के सीधे संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की खेप प्राप्त कर रहे थे। इनमें से एक आरोपी को दिल्ली में रेकी करने और संवेदनशील स्थानों की वीडियो बनाकर भेजने का काम सौंपा गया था।

स्पेशल सेल ने शुरुआती सूचना के आधार पर पंजाब और दिल्ली में एक साथ छापेमारी कर यह कार्रवाई की। सबसे पहले अमृतसर से एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसके बाद अन्य तीन को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि, इस मॉड्यूल से और कौन लोग जुड़े हैं और इसका दायरा कितना बड़ा है।