नकटी गांव अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, अज्ञात ग्रामीणों पर बलवा समेत FIR दर्ज

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ बलवा समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्रस्तावित विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए प्रशासन द्वारा नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके चलते मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा पहुंचाई और बुलडोजर में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की भी घटना सामने आई है। घटना के बाद माना थाना पुलिस ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 121, 191(1) और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के वीडियो, फोटो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास भी किया गया, लेकिन संबंधित अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। वहीं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। गौरतलब है कि विधायक कॉलोनी परियोजना के तहत प्रशासन द्वारा नकटी गांव में करीब 80 मकानों को हटाने की कार्रवाई की गई है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने लगभग 32 मकान भी शामिल बताए जा रहे हैं।

कार्रवाई से पहले इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। बावजूद इसके कार्रवाई के दौरान विरोध और तनाव की स्थिति बनी रही। कार्रवाई के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने मौके के पास धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके संयुक्त परिवार वर्षों से यहां रह रहे थे, लेकिन पुनर्वास नीति के तहत प्रत्येक परिवार को केवल एक मकान देने की बात कही जा रही है, जिससे वे असंतुष्ट हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, विस्थापित परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में स्थानांतरित किया जा रहा है और पात्र परिवारों को नियमानुसार आवास उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।