बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बिजली विभाग के एक ठेका कर्मचारी की काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसा बुधवार दोपहर गड्ढापारा स्थित आईटीआई कॉलेज के पास हुआ। मरम्मत के दौरान अचानक बिजली प्रवाहित होने से कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार,
ग्राम अमाली निवासी नीलकमल भारद्वाज (25) पिता रामकिशुन भारद्वाज बिजली विभाग में ठेका कर्मचारी था। बुधवार को वह गड्ढापारा स्थित आईटीआई कॉलेज के पास बिजली के खंभे पर मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे।
जवान बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगा रही है कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले बिजली लाइन बंद की गई थी या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ठेका कर्मचारी को निर्धारित सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।
इस हादसे के बाद बिजली विभाग में ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, बिजली जैसे जोखिम भरे कार्यों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।
