मुंबई में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत, 11 बच्चे घायल

Follow Us

मुंबई। चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक प्राइवेट स्कूल बस पर अचानक सड़क किनारे खड़े पेड़ की भारी शाखाएं गिर गईं। इस हादसे में बस में सवार 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य 11 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद निजी बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रोड नंबर 11, चेंबूर में सड़क किनारे मौजूद एक बड़ा पेड़ अचानक बस पर गिर पड़ा। पेड़ की भारी डालियां बस की छत पर आ गिरीं, जिससे बस का अगला और बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों और राहत टीम ने बचाई बच्चों की जान
हादसे के तुरंत बाद बस के अंदर से बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से राहत अभियान चलाया। मशीनों और कटर की मदद से पेड़ को हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया गंभीर रूप से घायल विहान श्रीवास्तव को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजन, भावुक माहौल
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बच्चों की सलामती की चिंता में कई परिजन भावुक नजर आए। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए इलाके की घेराबंदी की और ट्रैफिक को नियंत्रित किया, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।

बारिश और तेज हवाओं के बीच बढ़ रहे हादसे
मुंबई में 23 जून को मानसून की दस्तक के बाद लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। 24 जून को भारी बारिश के चलते अंधेरी सब-वे में जलभराव हो गया था, जबकि विक्रोली वेस्ट में एक रिटेनिंग वॉल गिरने और कई इलाकों में पेड़ उखड़ने की घटनाएं भी सामने आई थीं। मौसम की खराब स्थिति के कारण शहर में लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद सड़क किनारे जर्जर और कमजोर पेड़ों की समय पर छंटाई एवं रखरखाव को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जोखिम वाले पेड़ों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए।