नई दिल्ली। पाकिस्तान को मिली हार के बाद माहौल काफी बदला नज़र आ रहा है। भारत के खिलाफ मिली हार के बाद अब पाकिस्तान पर टी20 विश्व कप से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई है और अगर सुपर आठ चरण में पहुंचना है तो अपना अगला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। दूसरी तरफ, इस ग्रुप से भारतीय टीम शीर्ष पर रहते हुए सुपर आठ में पहुंच गई है। दिलचस्प बात यह है कि भारत का भी अभी एक मैच शेष है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने कोलंबो में खेले गए मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को 61 रनों से हराया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। भारत ने टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के लिहाज से जीत के मामले में 2012 के अपने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। भारत की यह चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने खेल के सबसे छोट प्रारूप में पाकिस्तान को 11 रनों से हराया था, लेकिन अब टीम ने 14 साल बाद इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और नए मानक स्थापित किए। वहीं पाकिस्तान की हार इतनी बड़ी रही कि टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में अमेरिका से भी नीचे आ गया है। पाकिस्तान की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गई है, जबकि अमेरिका की टीम चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर आ गई है। पाकिस्तान को अगर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई करना है तो उसे हर हाल में नामीबिया के खिलाफ मैच जीतना होगा। भारत ने तीन मैचों में तीन जीत दर्ज कर छह अंकों के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर अपना दबदबा बरकरार रखा है।
