IND vs PAK: वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का पलड़ा भारी, पाकिस्तान के लिए फिर बड़ी चुनौती

Follow Us

कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। इस वैश्विक टूर्नामेंट में जब भी इन दोनों टीमों का मुकाबला हुआ है तो पारा काफी चढ़ा रहता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने की उम्मीद है। आपको बता दें की तमाम ड्रामे के बाद आखिरकार भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मुकाबला होने जा रहा है। दोनों ही टीमों के बीच कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में रविवार को यह मैच खेला जाएगा आंकड़ों में हमेशा ही भारतीय टीम का पलड़ा भारी है और जब बात विश्व कप की हो तो पाकिस्तान कहीं भी भारत के सामने नहीं टिक पाता है। ये दोनों टीमें पिछले एक दशक से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रही हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मैच आईसीसी या एसीसी टूर्नामेंट में ही होते हैं। इसलिए फैंस को इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार रहता है।

आपको बता दें की टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक आठ बार मुकाबले खेले जा चुके हैं। सात बार टीम इंडिया ने मैच जीता है, जबकि एक बार पाकिस्तान की टीम जीत हासिल करने में सफल रही है। वनडे और टी20 दोनों विश्व कप मिलाकर भारतीय टीम सिर्फ एक बार पाकिस्तान से हारी है। वहीं यह मैच 2021 टी20 विश्व कप में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीता था। पाकिस्तान की टीम किसी भी मैदान पर भारत के सामने नहीं टिक पा रही है और ऐसा लगता है कि अब उसे हार की आदत सी ही पड़ गई है। दोनों टीमें पिछले साल एशिया कप में तीन बार एक दूसरे से खेली थीं और तीनों ही मौकों पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी जिसमें एशिया कप का फाइनल मुकाबला भी शामिल है।

अब भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी तो दोनों ही तरफ भावनाओं का ज्वार उच्चतम स्तर पर रहेगा। पिछले कुछ समय से जिस तरह दोनों देशों के बीच तल्खी देखने मिली है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि इसका असर मैदान पर भी देखने मिल सकता है। वहीं भारत ने 2024 विश्व कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा था और पाकिस्तान को छह रन से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 19 ओवर में 119 रन पर सिमट गई थी। जवाब में पाकिस्तान की टीम काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी। 14वें ओवर में एक वक्त पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 80 रन था। इसके बाद मैच पलटा। रिजवान-शादाब आउट हुए। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए और इफ्तिखार का विकेट लिया। 20वें ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। हालांकि, अर्शदीप ने सिर्फ 11 रन खर्च किए और इमाद वसीम का विकेट लिया।

इस तरह टीम इंडिया ने असंभव को संभव में बदल दिया। टीम इंडिया की हार निश्चित लग रही थी, लेकिन बुमराह-अर्शदीप, सिराज और हार्दिक की तेज गेंदबाजी की चौकड़ी ने भारत को मैच जिता दिया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर के बाद सात विकेट पर 113 रन बना सकी। भारत की ओर से बुमराह ने तीन विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, हार्दिक ने दो विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप और अक्षर को एक-एक विकेट मिला।