आलिया भट्ट और शरवरी के साथ होगी ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 की धमाकेदार शुरुआत, समय रैना ने किया खुलासा

Follow Us
मुंबई। कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रहे हैं। शो के नए सीजन को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब खुद समय ने विराम लगा दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ विशेष मेहमान के रूप में नजर आएंगी। कुछ समय पहले ‘अल्फा’ की स्टारकास्ट आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की शो के सेट से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। तभी से यह चर्चा तेज हो गई थी कि दोनों अभिनेत्रियां शो के नए सीजन का हिस्सा बन सकती हैं। अब समय रैना ने इंस्टाग्राम पर पहले एपिसोड का लिंक साझा कर इन खबरों को सही साबित कर दिया है।

शेयर किए गए पोस्टर में आलिया और शरवरी हंसते हुए दिखाई दे रही हैं। आलिया ने ‘Alpha’ लिखी हुई कैप पहन रखी है। तस्वीर में समय रैना के साथ कॉमेडियन आशीष सोलंकी और बलराज घई भी नजर आ रहे हैं। पोस्ट साझा करते हुए समय ने लिखा, “क्या हम शो शुरू करने के लिए तैयार हैं?” समय रैना की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह देखने लायक है। कई यूजर्स इसे भारतीय डिजिटल कंटेंट की सबसे बड़ी वापसी बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग शो में होने वाले संभावित मजाक और मजेदार पलों को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का नया सीजन शनिवार शाम को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। नेटफ्लिक्स पर दर्शकों को विज्ञापन-मुक्त अनुभव मिलेगा, जबकि यूट्यूब संस्करण में विज्ञापन शामिल होंगे। गौरतलब है कि शो का पहला सीजन एक विवाद के चलते सुर्खियों में आ गया था। एक एपिसोड में गेस्ट रणवीर अल्लाहबादिया की टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद शो के खिलाफ कई कानूनी शिकायतें दर्ज हुईं। विवाद बढ़ने पर समय रैना को यूट्यूब से शो के सभी एपिसोड हटाने पड़े थे। अब नए सीजन के साथ उनकी वापसी पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।