उद्धव ठाकरे को बीएमसी में बड़ा झटका, नगरसेवक की सदस्यता रद्द होते ही मुंबई की सियासत गरमाई

Follow Us

मुंबई। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को मुंबई महानगरपालिका में एक और बड़ा झटका लगा है। सांसदों में टूट की चर्चाओं के बीच अब पार्टी के एक नगरसेवक की सदस्यता रद्द होने से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, कांजुरमार्ग के वार्ड नंबर 111 से निर्वाचित शिवसेना (यूबीटी) के नगरसेवक दीपक सावंत का ओबीसी जाति प्रमाणपत्र जांच समिति द्वारा अमान्य घोषित किए जाने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई। इस संबंध में मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने बीएमसी महासभा में औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही बीएमसी में शिवसेना (यूबीटी) के नगरसेवकों की संख्या 65 से घटकर 64 रह गई है।

प्रशासन को रत्नागिरी जिला जाति प्रमाणपत्र जांच समिति का आदेश मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। चूंकि वार्ड 111 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित था, इसलिए जाति प्रमाणपत्र अमान्य होने का सीधा असर सदस्यता पर पड़ा। वहीं, गोवंडी के वार्ड 137 से एआईएमआईएम के नगरसेवक शमीर रमजान पटेल का जाति प्रमाणपत्र भी जांच समिति ने निरस्त कर दिया है। हालांकि, अदालत से अंतरिम राहत मिलने के कारण वे फिलहाल अपने पद पर बने रहेंगे। इस घटनाक्रम के बाद मुंबई की राजनीति में नए समीकरणों और सियासी हलचल की चर्चाएं तेज हो गई हैं।