मुंबई। टीवी अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को झकझोर दिया है। उनके अचानक चले जाने से परिवार, दोस्त और सह-कलाकार गहरे सदमे में हैं। ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता सौरभ बेदी ने भी इस दुखद घटना पर भावुक प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत में सौरभ ने बताया कि संचिता से उनकी मौत से महज दो दिन पहले ही बात हुई थी। उन्होंने कहा, “मुझे आज सुबह इस खबर के बारे में पता चला। शायद वह किसी परेशानी से गुजर रही थीं। दो दिन पहले ही हमारी बात हुई थी। मैं उनके घर जाकर परिवार से भी मिलूंगा।”

सौरभ ने सोशल मीडिया पर भी संचिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शो का एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “नहीं छोटू, तुम थी, हो और हमेशा मेरी फेवरेट रहोगी। तुम्हें बहुत मिस करूंगा।”इसके अलावा उन्होंने संचिता के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट कर भावुक शब्दों में लिखा, “मिलने वाले थे हम यार।” संचिता उगले का निधन 14 जून को हुआ। उनके असमय निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
