मुंबई। अभिनेता सनी देओल ने अपनी सुपरहिट फिल्म गदर: एक प्रेम कथा के 25 साल पूरे होने पर फैंस का आभार जताया है। इस खास मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर तारा सिंह के किरदार की कई यादगार तस्वीरें साझा कीं और एक भावुक संदेश भी लिखा। शेयर की गई तस्वीरों में तारा सिंह का रोमांटिक और दमदार एक्शन अवतार देखने को मिला। कुछ तस्वीरों में वह सकीना के किरदार में नजर आईं अमीषा पटेल के साथ दिखाई दिए, जबकि एक तस्वीर में फिल्म का मशहूर हैंडपंप उखाड़ने वाला दृश्य भी शामिल था।

सनी देओल ने पोस्ट में लिखा, “25 साल पहले गदर और तारा सिंह ने आपका दिल जीता था। 25 साल से प्यार के रिश्ते की गाड़ी चल रही है और आगे भी चलती रहेगी। आप सभी का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने हमें इतना प्यार दिया और अपने दिलों में जगह दी।”निर्देशक अनिल शर्मा की इस फिल्म ने रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी यह प्रेम कहानी आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है।
