मुंबई। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि रोडीज़ ऑडिशन के दौरान जज रहे रघु राम ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके को डांटकर ऑडिशन से बाहर निकाल दिया था। हालांकि, रघु राम ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताते हुए वायरल वीडियो को फेक करार दिया है। रघु राम ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “क्या मैंने सच में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके को रोडीज़ ऑडिशन से बाहर निकाला था? इस ट्रेंडिंग वीडियो के पीछे का सच क्या है?” इसके बाद साझा किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि जिस पुराने ऑडिशन क्लिप को वायरल किया जा रहा है, उसका अभिजीत दिपके से कोई संबंध नहीं है।
रघु ने स्पष्ट किया, “मैं अभिजीत दिपके से कभी मिला ही नहीं हूं।” साथ ही उन्होंने वीडियो को गलत तरीके से प्रचारित करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि झूठे दावों के जरिए किसी की बात को दबाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। रघु राम की सफाई के बाद अभिजीत दिपके ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “मैं तब स्कूल में था।” उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा। दरअसल, वायरल हो रहे पुराने रोडीज़ ऑडिशन वीडियो में एक प्रतियोगी और रघु राम के बीच तीखी बहस दिखाई देती है। इसी क्लिप को कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अभिजीत दिपके से जोड़कर शेयर करना शुरू कर दिया था। हालांकि अब दोनों पक्षों ने स्पष्ट कर दिया है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति अभिजीत दिपके नहीं हैं। अभिजीत दिपके ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नामक एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान के संस्थापक हैं। महाराष्ट्र से संबंध रखने वाले अभिजीत अपने अनोखे वीडियो और राजनीतिक व्यंग्य से जुड़े कंटेंट के कारण सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान बना चुके हैं।
