G7 में फिर आमने-सामने होंगे मोदी और ट्रंप, व्यापार से लेकर मिडिल ईस्ट संकट तक कई बड़े मुद्दों पर होगी निर्णायक चर्चा

Follow Us

नई दिल्ली। फ्रांस में होने जा रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय मुलाकात 17 जून को होने वाली है। व्हाइट हाउस ने इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नेता वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। 15 से 17 जून तक फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में आयोजित होने वाले G7 सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। इसी दौरान मोदी और ट्रंप की बैठक पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की खास नजर रहेगी, क्योंकि यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा हुआ है और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रम वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, तकनीकी सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, वीजा नीतियों और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा सकता है। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि, आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए दोनों पक्ष सकारात्मक बातचीत कर रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत के साथ संवाद लगातार जारी है और आने वाले दिनों में व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के प्रयास तेज किए जाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि, G7 सम्मेलन के दौरान होने वाली यह मुलाकात भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने के साथ-साथ वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों पर साझा रणनीति तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।