एलन मस्क रचेंगे इतिहास: स्पेसएक्स के महा-IPO से संपत्ति 970 अरब डॉलर के पार, दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने के करीब

Follow Us

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की अंतरिक्ष और सैटेलाइट कंपनी ‘स्पेसएक्स’ (SpaceX) ने अपने सबसे बड़े इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के साथ इतिहास रच दिया है। इस मेगा आईपीओ की बदौलत स्पेसएक्स दुनिया की शीर्ष सार्वजनिक कंपनियों की कतार में आ खड़ी हुई है। इसके साथ ही एलन मस्क की कुल संपत्ति बढ़कर 970 अरब डॉलर (लगभग 971 अरब डॉलर) के पार पहुंच गई है, जिससे वह दुनिया के पहले ‘ट्रिलियनेयर’ (1 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति वाले व्यक्ति) बनने के बेहद करीब आ गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स ने अपने शेयरों की कीमत 135 डॉलर प्रति शेयर तय की है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी ने करीब 75 अरब डॉलर जुटाए हैं, जिसे इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है। इसके बाद कंपनी का कुल मार्केट वैल्यूएशन (मूल्यांकन) लगभग 1.77 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। स्पेसएक्स के शेयर 12 जून को नैस्डैक (Nasdaq) स्टॉक एक्सचेंज पर ‘SPCXL’ टिकर नाम से लिस्ट होकर कारोबार शुरू करेंगे।

इस आईपीओ के बाद मस्क की संपत्ति में एक झटके में करीब 275 अरब डॉलर का इजाफा होने का अनुमान है। ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स के अनुसार, वर्तमान में स्पेसएक्स में मस्क की हिस्सेदारी और शेयर विकल्पों की कुल कीमत करीब 688 अरब डॉलर आंकी गई है। दस्तावेजों के मुताबिक, मस्क के पास कंपनी के कुल 642 करोड़ शेयर हैं। अपनी खास दोहरी शेयर संरचना (क्लास-बी शेयरों को 10 वोट का अधिकार) के कारण एलन मस्क के पास कंपनी की 85% वोटिंग पावर का नियंत्रण बना रहेगा। साल 2002 में स्थापित हुई स्पेसएक्स आज फाल्कन-9 रॉकेट, स्टारशिप और स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट के दम पर दुनिया की सबसे मूल्यवान स्पेस कंपनी बन चुकी है।