मुंबई। पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीदों और सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखी गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने बाजार में नई जान फूंक दी। ट्रंप ने एलान किया कि वाशिंगटन ने ईरान के साथ एक बड़ा समझौता कर लिया है, जिसके तहत अगले कुछ दिनों में दस्तावेज साइन हो जाएंगे और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) फिर से खुल जाएगा। इस भू-राजनीतिक राहत की खबर से पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट पर ब्रेक लग गया।
इस खुशखबरी के दम पर घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क निफ्टी50 और सेंसेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में ही 30 शेयरों वाला बीएसई (BSE) सेंसेक्स 1,000 अंकों यानी 1.31 प्रतिशत की भारी तेजी के साथ 74,799.89 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी50 भी 275.85 अंक उछलकर 23,437.45 पर ट्रेड करने लगा। व्यापक बाजारों में भी रौनक रही; निफ्टी मिडकैप में 1.38 प्रतिशत और स्मॉलकैप में 1.61 प्रतिशत का उछाल आया।
सेक्टरवार प्रदर्शन में निफ्टी रियल्टी सबसे आगे 2 प्रतिशत मजबूत हुआ। इसके अलावा ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज और पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी शानदार बढ़त रही। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक तनाव घटने से निवेशकों का भरोसा लौटा है। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 11 जून को भी 1,987 करोड़ रुपये की बिकवाली की, लेकिन घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 4,224 करोड़ रुपये की मजबूत खरीदारी कर बाजार को संभाल लिया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी के लिए फिलहाल 23,000 का स्तर मजबूत सपोर्ट और 23,650 का स्तर अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है।
