IND vs AFG बारिश ने फिर डाला खलल बारिश के कारण ओवर में कटौती

Follow Us

दांबुला। प्रभसिमरन सिंह, ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा के अर्धशतकों की मदद से भारत ए ने त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले में अफगानिस्तान ए के खिलाफ 49 ओवर में नौ विकेट पर 349 रन बनाए।हालांकि, बारिश के कारण मैच रुका रहा जिस कारण अफगानिस्तान ए को 38 ओवर में 294 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला है। भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच दांबुला में त्रिकोणीय सीरीज का मुकाबला खेला जा रहा है।

अफगानिस्तान ए की पारी
अफगानिस्तान ए की पारी फिलहाल जारी है। कप्तान इमरान और बाहिर शाह क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और दोनों के अर्धशतक भी पूरे हो गए हैं। इससे पहले हसन ईसाखिल 34 और खालिद तानिवल दो रन बनाकर आउट हो गए। बारिश एक बार फिर खलल डाल रही है। 25.5 ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 177 रन है।

बारिश के कारण ओवर में कटौती
बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा था, लेकिन कुछ देर बाद मुकाबला दोबारा शुरू हो गया है। बारिश के कारण ओवर में कटौती हुई और अब मैच 49-49 ओवर कराने का फैसला किया गया। लेकिन भारत ए की पारी के खत्म होने के बाद बारिश ने मैच में भी खलला डाला जिसके बाद ओवर में दोबारा कटौती की गई।

वैभव-प्रभसिमरन की दमदार बल्लेबाजी
अफगानिस्तान ए ने इस मैच में टॉस जीतकर भारत ए को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए को वैभव और प्रभसिमरन ने दमदार शुरुआत दिलाई। वैभव श्रीलंका ए के खिलाफ पिछले मैच में नहीं चले थे, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ उनका बल्ला जमकर गरजा। वैभव इस मैच में आईपीएल वाली फॉर्म में ही नजर आ रहे थे। लेकिन अब्दुल्लाह अहमदजई ने विकेट के पीछे वैभव को कैच कराकर उनकी पारी का अंत कर दिया। वैभव 22 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए। वैभव और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद अहमदजई ने प्रियांश आर्या को भी अपना शिकार बनाया जो नौ गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।

ऋतुराज-प्रभसिमरन की साझेदारी
दो झटके लगने के बाद ऋतुराज और प्रभसिमरन ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की जिससे टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया। प्रभसिमरन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक लगाने के करीब थे, लेकिन इमरान मीर ने उन्हें विकेट के पीछे कैच कराकर आउट किया। प्रभसिमरन 69 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए।

गायकवाड़ का पचासा
ऋतुराज गायकवाड़ ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ दिया। ऋतुराज ने 65 गेंदों पर पचासा पूरा किया। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ साझेदारी निभाई जिससे टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया। ऋतुराज और तिलक के बीच 78 रनों की साझेदारी हुई। ऋतुराज 80 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए। फरमानुल्लाह सैफी ने 38वें ओवर में भारत को लगातार दो झटके दिए। सैफी ने पहले ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन भेजा और फिर आयुष बदोनी को खाता खोले बिना आउट किया। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। तिलक ने मोर्चा संभाला और अर्धशतक लगाया, लेकिन वह 73 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए। भारत ए के लिए सूर्यांश शेडगे 40, विपरज निगम 8 और अरशद खान 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अनुकूल रॉय 16 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान ए के लिए अब्दुल्लाह अहमदजई ने पांच विकेट झटके, जबकि फरमानुल्लाह सैफी को तीन और इमरान मीर को एक सफलता मिली।