इस्लामाबाद। मशहूर पाकिस्तानी ड्रामा ‘तेरे बिन’ अपने फिनाले के लंबे समय बाद भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। वहाज अली (मुर्तसिम) और युमना ज़ैदी (मीरूब) की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री से सजे इस शो ने अब एक और ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। ‘तेरे बिन’ आधिकारिक तौर पर यूट्यूब पर 5 अरब (5 बिलियन) से ज़्यादा व्यूज़ पाने वाला पहला पाकिस्तानी ड्रामा बन गया है। इस ब्लॉकबस्टर सफलता का जश्न मनाते हुए चैनल ‘हर पल जियो’ ने सोशल मीडिया पर फैंस का शुक्रिया अदा किया, लेकिन इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के जश्न के बीच भारत और पाकिस्तान के फैंस ने मेकर्स को आड़े हाथों ले लिया।
जैसे ही इस बड़ी कामयाबी की घोषणा हुई, फैंस ने कमेंट सेक्शन में लंबे समय से प्रतीक्षित ‘तेरे बिन 2’ को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी। फैंस इस बात से बेहद खफा हैं कि शो का पहला सीज़न जुलाई 2023 में ही खत्म हो गया था और मेकर्स ने दिसंबर 2023 में इसके सीज़न 2 की आधिकारिक घोषणा भी कर दी थी, लेकिन आज तक शूटिंग और प्रोडक्शन स्टेटस को लेकर कोई ठोस अपडेट नहीं दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक नाराज यूजर ने लिखा, “5 अरब व्यूज पार हो गए, लेकिन सीजन 2 की शूटिंग अब तक शुरू नहीं हुई? आखिर पारदर्शिता की इतनी कमी क्यों है? अगर प्रोजेक्ट में देरी हो रही है या प्लान बदल गए हैं, तो फैंस को साफ-साफ बताएं, इस तरह की खामोशी फैंस का अनादर है।” इंडस्ट्री में चल रही चर्चाओं की मानें तो ‘तेरे बिन 2’ की शूटिंग जून के आखिर या जुलाई में शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, मेकर्स, वहाज अली या युमना ज़ैदी की तरफ से कोई भी आधिकारिक और स्पष्ट बयान न आने के कारण फैंस काफी निराश हैं। अब देखना यह है कि 5 अरब व्यूज का नया इतिहास रचने के बाद मेकर्स अपने फैंस की इस भारी नाराजगी को दूर करने के लिए ‘तेरे बिन 2’ से जुड़ा कोई बड़ा और पक्का अपडेट कब जारी करते हैं।
