हैदराबाद। रैपर बादशाह ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और इस बार उन्होंने बिना कुछ कहे ही फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। रैपर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तीन बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जो उनके किसी आने वाले रोमांटिक म्यूज़िक वीडियो की झलक लग रही हैं। इन तस्वीरों में बादशाह एक शानदार आउटडोर लोकेशन पर सफेद कपड़ों में एक मिस्ट्री वुमन के साथ बेहद क्लोज़ और रोमांटिक पोज़ में नज़र आ रहे हैं। तस्वीरों में महिला का चेहरा पूरी तरह साफ़ दिखाई नहीं दे रहा है, बस फिर क्या था, फैंस के लिए सस्पेंस और कयासों का बाज़ार गर्म करने के लिए इतना ही हिंट काफी था।
पोस्ट के आते ही कमेंट सेक्शन पूरी तरह से पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के नाम से पट गया। फैंस लगातार पूछ रहे हैं, “क्या यह हानिया आमिर हैं?”, “हानिया ही हैं ना?” और कई लोगों ने तो कमेंट्स में सीधे हानिया को टैग करना भी शुरू कर दिया। दरअसल, बादशाह और हानिया आमिर को पहले भी कई बार साथ में वक्त बिताते देखा गया है, जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर अक्सर दोनों के डेटिंग की अफवाहें उड़ती रहती हैं। यही वजह है कि फैंस इस मिस्ट्री वुमन को हानिया मानकर बेहद एक्साइटेड हो गए हैं।
हालांकि, अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि तस्वीरों में दिख रही लड़की हानिया ही हैं। चूंकि यह एक रोमांटिक प्रोजेक्ट का हिस्सा लग रहा है, इसलिए कयास यह भी हैं कि वह सिंगर रीत तलवार हो सकती हैं, जो पहले भी बादशाह के साथ ‘आवारा’ गाने में काम कर चुकी हैं। फिलहाल बादशाह ने इस सस्पेंस से पर्दा नहीं उठाया है कि वह मिस्ट्री वुमन हानिया हैं, रीत हैं या कोई और, लेकिन उनकी इस पोस्ट ने फैंस के बीच उत्सुकता को चरम पर पहुँचा दिया है।
