काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला किया है। मंगलवार देर रात पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने अफगान हवाई सीमा का उल्लंघन कर कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी इलाकों पर अंधाधुंध बमबारी की। इस क्रूर हवाई हमले में 11 मासूम बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग समेत 13 स्थानीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। कई घर मलबे में तब्दील हो चुके हैं और अफगान प्रशासन ने मृतकों को ‘शहीद’ घोषित किया है।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इस अमानवीय हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे आम नागरिकों के खिलाफ एक जघन्य अपराध बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान की यह हरकत दोनों देशों के रिश्तों को और बिगाड़ेगी। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने यह कायराना हमला उस समय किया है, जब ठीक एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने अफगानिस्तान का पक्ष लेते हुए पाकिस्तान को जमकर लताड़ा था और उस पर अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया था। इस एयरस्ट्राइक के बाद से दोनों देशों की सीमाओं पर तनाव चरम पर पहुंच गया है।
