नई दिल्ली। बांग्लादेश दौरे से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। स्टार सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और नियमित कप्तान मिचेल मार्श बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 में खेलने के बाद व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए ट्रेविस हेड को पर्सनल लीव (वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम) दी गई है। वहीं, मिचेल मार्श टखने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके कारण वे वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। मार्श की अनुपस्थिति में जोश इंग्लिस को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
मुख्य चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने बताया कि मार्श भले ही वनडे नहीं खेलेंगे, लेकिन वे टी-20 सीरीज की तैयारी के लिए ढाका में टीम के साथ जुड़ेंगे। इस बीच, चोटिल तनवीर संघा की जगह स्पिनर टॉड मर्फी को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के मुकाबले 9, 11 और 14 जून को ढाका में खेले जाएंगे। साल 2011 के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश में वनडे सीरीज खेलेगी। इसके बाद 17 जून से चटगांव में तीन मैचों की टी-20 सीरीज शुरू होगी, जिसमें मिचेल मार्श कप्तानी संभालेंगे।
