सूरजपुर। जिले में लगातार हो रही पंप चोरी की घटनाओं के बीच जयनगर थाना क्षेत्र की लटोरी चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित पंप चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कई सबमर्सिबल और मोनोब्लॉक पंप बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, 6 जून को पंप चोरी के मामले में कृष्णा पंडो, इंदर पंडो और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और जांच के दौरान चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली। इसी बीच 7 जून को तीन किसानों ने खेतों से पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं अनुज राजवाड़े, संतोष ठाकुर और पितांबर राजवाड़े ने बताया कि उनके खेतों और बाड़ियों से सबमर्सिबल व मोनोब्लॉक पंप चोरी कर लिए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तिलेश्वर प्रसाद राजवाड़े, इंद्रपाल पैकरा, लालमोहन चेरवा, बिवेश्वर चेरवा उर्फ दारू, टेमसाय उर्फ जदु, गणेश राजवाड़े और पारस पैकरा शामिल हैं। सभी आरोपी मंजीरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से गंगा कावेरी और सीआरआई कंपनी के सबमर्सिबल पंप समेत कई मोनोब्लॉक पंप जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह चोरी किए गए पंपों को सस्ते दामों पर बेचता था, जबकि कुछ लोग इन्हें खरीदकर चोरी को बढ़ावा दे रहे थे। गौरतलब है कि क्षेत्र में लगातार हो रही पंप चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी थी। कई गांवों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब पुलिस का दावा है कि गिरोह के अधिकांश सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं और चोरी के नेटवर्क को काफी हद तक ध्वस्त कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
