टी-20 विश्व कप में भारतीय महिलाओं का रिपोर्ट कार्ड: हरमनप्रीत के पास इतिहास बदलने का मौका, जानें खास आंकड़े

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में आगामी टी-20 विश्व कप 2026 में इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। भारत अपने अभियान का आगाज 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। भारतीय टीम ने अब तक इस प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम नहीं किया है, लेकिन इस बार फैंस को बड़ी उम्मीदें हैं। साल 2009 से 2024 तक के इतिहास पर नजर डालें तो भारत ने विश्व कप में कुल 40 मैच खेले हैं, जिनमें से 22 में जीत और 18 में हार मिली है। टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 में रहा था, जब वह उपविजेता बनी थी। इसके अलावा भारत चार बार सेमीफाइनल का सफर तय कर चुका है।

अगर बल्लेबाजी के आंकड़ों की बात करें तो कप्तान हरमनप्रीत कौर और पूर्व दिग्गज मिताली राज संयुक्त रूप से भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। दोनों के नाम इस टूर्नामेंट में 726-726 रन दर्ज हैं। हरमनप्रीत ने जहां 39 मैचों में यह आंकड़ा छुआ, वहीं मिताली ने 24 मैचों में यह कारनामा किया था। स्टार ओपनर स्मृति मंधाना 25 मैचों में 524 रनों के साथ इस सूची में दूसरे पायदान पर हैं।

गेंदबाजी के मोर्चे पर लेग स्पिनर पूनम यादव का दबदबा रहा है। उन्होंने महज 18 मैचों में 13.82 की शानदार औसत से सबसे ज्यादा 28 विकेट चटकाए हैं। उनके बाद ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 19 विकेट और राधा यादव 18 विकेट के साथ भारत की सफल गेंदबाजों में शुमार हैं। रिकॉर्ड्स के लिहाज से हरमनप्रीत कौर टी-20 विश्व कप में शतक जड़ने वाली इकलौती भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 103 रनों की तूफानी पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट के एक मैच में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है।