जगदलपुर केंद्रीय जेल में 10 दिन में तीसरी मौत, व्यवस्थाओं पर उठने लगे सवाल

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर जिले की जगदलपुर केंद्रीय जेल एक बार फिर चर्चा में है। बीते 10 दिनों के भीतर जेल में तीसरी मौत का मामला सामने आने के बाद बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, सजायाफ्ता बंदी सुधु कश्यप को अक्टूबर 2025 में बीएनएस की धारा 64(1) के तहत सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी। तबीयत बिगड़ने और रक्तचाप बढ़ने की शिकायत के बाद उसे 6 जून को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 7 जून को उसकी मौत हो गई।

इससे पहले 31 मई को जेल में बंद एक विचाराधीन महिला कैदी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वहीं 4 जून को नक्सल प्रकरण में बंद विचाराधीन कैदी रमेश कुंजाम की बाथरूम में गिरने के बाद मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इन मौतों के कारणों और परिस्थितियों की जांच पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच जारी है और यह देखा जा रहा है कि इन घटनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण तो जिम्मेदार नहीं हैं। लगातार हो रही मौतों से जेल प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।