कोरबा में घर के बाहर खड़ी थार में लगाई आग, अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Follow Us

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने घर के बाहर खड़ी एक थार वाहन को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन को काफी नुकसान हो चुका था। जानकारी के अनुसार, पोड़ी बहार स्थित शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास रहने वाले आदित्य कुमार की थार गाड़ी सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:20 बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने वाहन में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग बुझाई। हालांकि, आग से वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।