बलरामपुर में हाथी का हमला: दंपति की दर्दनाक मौत, गांव में दहशत का माहौल

Follow Us

बलरामपुर। जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और सन्नाटे का माहौल है। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, कुंदी कला गांव के बांधपारा जंगल के पास मंगलवार सुबह करीब 5 बजे दंपति शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान उनका सामना हाथियों के दल से भटके एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से कल्याणपुर क्षेत्र में पांच हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है। इसी दल से अलग हुए दंतैल हाथी ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है। वहीं घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।