नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में रहने के 12 साल पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर देश भर में जश्न का माहौल है। इस खास मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की है। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि मोदी जी के कुशल नेतृत्व में इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को एक साथ जमीन पर उतरते देखा है। उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व की नीयत साफ हो और लक्ष्य सिर्फ राष्ट्रहित हो, तभी ऐसे ऐतिहासिक परिवर्तन संभव हो पाते हैं। पीएम मोदी ने बिना एक भी दिन का अवकाश लिए निरंतर देशवासियों की सेवा की है।
गृह मंत्री अमित शाह ने सरकार की बड़ी उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि एक तरफ जहां 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर, 50 करोड़ लोगों को रु.5 लाख का स्वास्थ्य बीमा और 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन जैसी बुनियादी सुविधाएं दी गईं, वहीं दूसरी तरफ देश को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भी बनाया गया। बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस दौरान देश में 90 से अधिक नए एयरपोर्ट, 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें, 1.45 लाख किलोमीटर सड़कें और 3000 किलोमीटर आधुनिक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि 12 साल पहले नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर एक नए युग का सूत्रपात किया था। इस अवधि में अनुच्छेद 370 का ऐतिहासिक निरसन, भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण और सनातन सांस्कृतिक विरासत की पुनर्स्थापना ने राष्ट्र के गौरव को नई ऊर्जा दी है। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने अपने सफल कार्यकाल के 4,300 से अधिक दिन पूरे कर लिए हैं, जिसके साथ ही वे देश के सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित और सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों की सूची में शीर्ष पर पहुंच रहे हैं। पूरी पार्टी अब ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक सपने को साकार करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
