PTRSU में फीस बढ़ोतरी का विरोध तेज, ABVP ने छात्रों पर बोझ बढ़ाने का लगाया आरोप

Follow Us

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PTRSU) द्वारा परीक्षा एवं अन्य शैक्षणिक शुल्क में वृद्धि किए जाने के फैसले का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध किया है। परिषद का कहना है कि फीस में अचानक की गई बढ़ोतरी से छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। ABVP के अनुसार, सेमेस्टर परीक्षा शुल्क 1075 और वार्षिक परीक्षा शुल्क 1085 से बढ़ाकर 1580 कर दिया गया है। संगठन का दावा है कि यह लगभग 46 प्रतिशत की वृद्धि है, जिसका असर विशेष रूप से गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों पर पड़ेगा। परिषद ने मार्कशीट और सिलेबस वेरिफिकेशन शुल्क ₹5000 निर्धारित किए जाने पर भी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि नौकरी, उच्च शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दस्तावेज सत्यापन कराने वाले छात्रों और पूर्व छात्रों के लिए यह शुल्क काफी अधिक है।

ABVP के रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि एक ओर शिक्षा को सुलभ बनाने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर लगातार फीस बढ़ाकर छात्रों पर आर्थिक दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने परीक्षा शुल्क वृद्धि और हर वर्ष 5 प्रतिशत शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव को छात्र हितों के खिलाफ बताया। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से बढ़ी हुई परीक्षा फीस वापस लेने, वार्षिक 5 प्रतिशत शुल्क वृद्धि के फैसले को निरस्त करने और वेरिफिकेशन फीस कम करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर छात्र हित में आंदोलन किया जाएगा।