धमतरी वायरल वीडियो मामला CSP के बाद अब SP का बयान, जांच के लिए 3 DSP की टीम गठित

Follow Us

धमतरी। पत्नी और बच्चों के साथ फिल्म देखकर लौट रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के आरोपों से जुड़ा धमतरी का वायरल वीडियो अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

इस मामले में सबसे पहले CSP अभिषेक चतुर्वेदी का बयान सामने आया था। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि युवक पुलिस चेकिंग के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया था। साथ ही उनका कहना था कि युवक लगातार पुलिसकर्मियों से बहस कर रहा था और वीडियो बनाकर पुलिस को उकसाने का प्रयास कर रहा था।

हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता गया और देशभर से सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

अब घटना के चार दिन बाद धमतरी पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज सिंह परिहार का भी बयान सामने आया है। SP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच के लिए तीन DSP स्तर के अधिकारियों की टीम गठित करने की जानकारी दी है। यह टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।