घर से भागी 13 साल की नाबालिग से गैंगरेप, तीनों नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मां द्वारा जबरन काम पर भेजे जाने से नाराज होकर घर से भागी एक 13 वर्षीय नाबालिग सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हो गई। शनिवार को घर से भागने के बाद रास्ते में पीड़िता को उसका एक 16 वर्षीय परिचित किशोर मिला। उसने रात में सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का झांसा देकर नाबालिग को रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान इलाके में ले गया। वहाँ मुख्य आरोपी ने अपने दो अन्य दोस्तों को भी बुला लिया और तीनों ने मिलकर बेबस नाबालिग के साथ गैंगरेप किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को स्टेशन पर ही छोड़कर फरार हो गए। रविवार सुबह किसी तरह घर पहुँचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही तोरवा पुलिस ने तत्परता दिखाई। एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मुताबिक, मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और रविवार दोपहर तक घेराबंदी करके तीनों आरोपी किशोरों को गिरफ्तार कर लिया।