बॉक्स ऑफिस पर ‘पेद्दी’ का धमाका: राम चरण की फिल्म ने 3 दिन में वर्ल्डवाइड पार किया 200 करोड़ का आंकड़ा, घरेलू बाजार में भी लगाई लंबी छलांग

Follow Us

मुंबई। मेगास्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर फिल्म ‘पेद्दी’ बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस साल की सबसे चर्चित फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से भरपूर प्यार मिल रहा है। रिलीज के महज 3 दिनों के भीतर ही फिल्म दुनियाभर में 250 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है। हालांकि हिंदी भाषी क्षेत्रों में फिल्म को औसत शुरुआत मिली, लेकिन आंध्र प्रदेश और तेलंगाना (तेलुगु राज्यों) में इसने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। वीकेंड का भरपूर फायदा उठाते हुए फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर आधिकारिक तौर पर 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।

मेकर्स द्वारा रविवार को साझा किए गए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, ‘पेद्दी’ ने शुरुआती तीन दिनों में दुनियाभर में कुल 236.7 करोड़ रुपये का शानदार ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। रविवार की छुट्टी के बाद इसके 300 करोड़ के आंकड़े को छूने की उम्मीद है। भारत में फिल्म ने पहले दिन (ओपनिंग डे) 51 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की थी, जबकि पेड प्रीव्यू से इसे 18.50 करोड़ रुपये मिले थे। दूसरे दिन (शुक्रवार) कमाई में थोड़ी गिरावट आई और इसने 26.90 करोड़ का कलेक्शन किया, लेकिन तीसरे दिन (शनिवार, 6 जून) फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ी और 28.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का 3 दिनों का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 125.25 करोड़ रुपये हो गया है। ग्रामीण आंध्र प्रदेश की पृष्ठभूमि पर बनी और बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी खेल (क्रिकेट, कुश्ती और दौड़) के जरिए पहचान बनाने की जद्दोजहद पर आधारित है, जिसमें शिवा राजकुमार और जगपति बाबू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।