कर्ज छिपाने के लिए रची चोरी की साजिश, किराना व्यापारी गिरफ्तार

Follow Us

जांजगीर। अकलतरा थाना क्षेत्र में 3.15 लाख रुपये की कथित चोरी का मामला जांच में फर्जी निकला। पुलिस ने शिकायत करने वाले किराना व्यापारी को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार तरौद निवासी व्यापारी चिराग अग्रवाल ने धान बिक्री के 3.15 लाख रुपये स्कूटी की डिक्की से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संबंधित लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरी के कोई साक्ष्य नहीं मिले। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयान में लगातार विरोधाभास सामने आने पर पुलिस ने गहन पूछताछ की। पूछताछ में व्यापारी ने स्वीकार किया कि उस पर निजी कर्ज था और परिवार के दबाव के डर से उसने रकम छिपाकर चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पूरे 3 लाख 15 हजार 746 रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और झूठी शिकायत दर्ज कर प्रशासनिक संसाधनों का दुरुपयोग करने के मामले में भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।