‘’मैंने हिटलर से ली प्रेरणा…’: तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी के बयान पर मचा देशव्यापी सियासी बवाल, बीजेपी ने घेरा

Follow Us

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर को लेकर दिया गया एक बयान देश की सियासत में गर्मा गया है। बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य की अतिक्रमण रोधी एजेंसी ‘हाइड्रा’ (HYDRAA – हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी) के नाम और उसकी अवधारणा की प्रेरणा उन्हें एडोल्फ हिटलर से मिली थी। सीएम रेड्डी ने कहा कि ‘हाइड्रा’ हिटलर का पसंदीदा शब्द था और उसकी एक कोर टीम थी जो किसी को भी खत्म कर सकती थी। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने तेलंगाना में इस एजेंसी का गठन किया।

इस टिप्पणी के बाद भाजपा (BJP) और बीआरएस (BRS) ने कांग्रेस पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया एक्स (X) पर इसे कांग्रेस की ‘तानाशाही और इमरजेंसी मानसिकता’ करार दिया। दूसरी तरफ, इतिहासकारों ने भी मुख्यमंत्री के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। जानकारों का कहना है कि हिटलर की किसी ऐसी कोर टीम का कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है, बल्कि ‘हाइड्रा’ द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी के खिलाफ ब्रिटिश रॉयल एयर फोर्स के एक बमबारी मिशन का नाम था। इस बयान ने कांग्रेस को बैकफुट पर धकेल दिया है।