रायपुर। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा आज रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। विवेक तन्खा ने केंद्र सरकार को पूंजीपतियों की सरकार बताते हुए कहा कि बीते वर्षों में आम जनता को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बढ़ती महंगाई और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को मध्यम वर्ग के लिए बड़ी परेशानी बताया। राज्यसभा सांसद ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनौतियों से निपटने के दावों के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल पाई है। इस दौरान तन्खा ने छत्तीसगढ़ को अपना दूसरा घर बताते हुए प्रदेश से अपने जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
रायपुर पहुंचे राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
