रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले पांच दिनों में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। वर्तमान में मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। प्रदेश में सक्रिय स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से शनिवार को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चंद्रपुर में सर्वाधिक 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि देवभोग, बस्तर और नवागढ़ में भी अच्छी बारिश हुई। आने वाले दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। प्रदेश में शनिवार को बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक, अंधड़ और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
