भाजपा एमएलसी उम्मीदवार शीला पंडित का संकल्प: समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे सरकारी योजनाएं, जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार

Follow Us

पटना। बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने चार उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति ने पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित के नामों को मंजूरी दी है। उम्मीदवार बनाए जाने पर शीला पंडित ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

शीला पंडित ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि विधान परिषद पहुंचने के बाद उनका मुख्य लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत पर काम करना होगा। केंद्र और बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति और हर जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के उत्थान पर जोर देते हुए कहा कि, विकास की दिशा में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। वह इस गति को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के बड़े संकल्प को साकार करने में बिहार अपनी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।