मुंबई। टॉलीवुड के मेगा पावर स्टार राम चरण की मोस्ट अवेटेड स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ (Peddi) ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होते ही तबाही मचा दी है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण खेल के तीन अलग-अलग मैदानों में दमदार अवतारों में नजर आ रहे हैं। 4 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘पेद्दी’ ने पहले ही दिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ 135.36 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है, जिसके ऑफिशियल आंकड़े मेकर्स ने जारी कर दिए हैं।
इस धमाकेदार ओपनिंग के साथ ही राम चरण ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए 5 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। ‘पेद्दी’ साल 2026 की भारत की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है (पहले नंबर पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ है)। सबसे खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक कमाई के साथ राम चरण ने बॉक्स ऑफिस की रेस में अपने मेगास्टार पिता चिरंजीवी की फिल्म ‘माना शंकरा वारा प्रसाद गारू’ और अपने पावर स्टार चाचा पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ को भी पछाड़ दिया है। शानदार वर्ड ऑफ माउथ के चलते वीकेंड पर फिल्म की कमाई में और बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
