खैरागढ़। छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव का शव शनिवार तड़के उनके निवास में फंदे पर लटका मिलने से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा क्षेत्र की है, जहां वे अपने परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के लिए दुर्ग से फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
