धमतरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रुद्री में योग शिविर और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल और उनकी शिष्या रूची साहू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास को तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया। योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हाल ही में राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए गए सूजय मंडल और रूची साहू को इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग तनाव प्रबंधन का सबसे प्रभावी माध्यम है, वहीं वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी से पौधों की देखभाल और संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
