दफ्तर में शराब और लापरवाही पड़ी भारी, नगर पंचायत CMO निलंबित

Follow Us

बेमेतरा। नगर पंचायत दाढ़ी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रमेश कुमार ध्रुव को अनियमितता और कदाचार के आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की। मामले की जांच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में वार्ड क्रमांक-11 में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। कोर कटिंग परीक्षण में सड़क की मोटाई मानक एम-30 से कम मिली। इसके अलावा कार्यालय में शराब की बोतल मिलने और अधिकारी के आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने की शिकायतों को भी जांच में शामिल किया गया। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों की चेतावनी के बावजूद समय-सीमा की बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने को भी सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने प्रकरण शासन को भेजा, जिसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।