आरबीआई मॉनेटरी पॉलिसी: आज ब्याज दरों पर आएगा बड़ा फैसला, क्या महंगी होगी आपके लोन की ईएमआई

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तीन दिवसीय मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी (MPC) की अहम बैठक के फैसलों का एलान आज होने जा रहा है। पूरे देश और बाजार की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्रीय बैंक इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव करता है या नहीं। ज्यादातर बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि RBI इस बार भी रेपो रेट को 5.25% के मौजूदा स्तर पर बरकरार रख सकता है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि रुपये पर बढ़ते दबाव और महंगाई के जोखिम को देखते हुए ब्याज दरों में मामूली बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इससे पहले, अप्रैल 2026 की बैठक में भी दरों को जस का तस रखा गया था, जबकि आखिरी बदलाव दिसंबर 2025 में हुआ था जब रेपो रेट को 0.25% घटाया गया था।

रेपो रेट असल में वह ब्याज दर होती है जिस पर रिजर्व बैंक (RBI) अन्य कमर्शियल बैंकों को कर्ज देता है। जब बैंकों को केंद्रीय बैंक से सस्ता फंड मिलता है, तो वे इसका फायदा ग्राहकों को देते हैं और होम व कार लोन की EMI कम कर देते हैं। इसके विपरीत, जब बाजार में महंगाई बढ़ती है, तो RBI रेपो रेट बढ़ाकर नकदी के प्रवाह (Money Flow) को कम करने की कोशिश करता है। दरें महंगी होने से कमर्शियल बैंकों के लिए कर्ज लेना महंगा हो जाता है, जिससे वे अपने ग्राहकों के लिए भी ब्याज दरें बढ़ा देते हैं। इससे बाजार में पैसे की सप्लाई कम होती है और मांग घटने से महंगाई पर लगाम लगती है। वित्त वर्ष 2026-27 की इस अहम बैठक के नतीजों से ही आज तय होगा कि आने वाले दिनों में आपके लोन की EMI घटेगी या बढ़ेगी।