रायपुर निगम में संबित मिश्रा का ‘एक्शन मोड’: लापरवाही पर ब्लैकलिस्ट और कमीशनखोर अफसर सीधे होंगे सस्पेंड

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम के नए कमिश्नर संबित मिश्रा ने पदभार संभालते ही शहर की सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक ढर्रे को सुधारने के लिए बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म होते ही उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। कमिश्नर ने साफ लफ्जों में कहा कि रायपुरवासियों को स्वच्छ माहौल देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अब काम में रत्ती भर भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि बताते हुए निर्देश दिया कि उन्हें समय पर वेतन मिलना चाहिए; यदि मानदेय भुगतान में देरी हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों की सैलरी रोक दी जाएगी।

मुख्यालय में पार्षदों के साथ हुई बैठक में कमिश्नर ने भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का ऐलान किया। पार्षदों द्वारा स्वच्छता विभाग में अफसरों और ठेकेदारों के कथित ‘सिंडिकेट’ व ‘गैंग’ चलाने के गंभीर आरोपों पर संबित मिश्रा ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी हाजिरी, कम कर्मचारी लगाने या वित्तीय गड़बड़ी मिलने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर सीधे FIR दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत मिलने पर दोषी अधिकारियों को तत्काल सस्पेंड किया जाएगा। साफ है कि रायपुर निगम में अब सिर्फ पारदर्शिता और जवाबदेही से ही काम चलेगा।