रायपुर में नाबालिग से ‘गैंग रेप’ के आरोप पर गरमाई सियासत; कांग्रेस का पुलिस को 12 घंटे का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

Follow Us

धरसीवां (रायपुर)। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस संवेदनशील मुद्दे पर भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

तथ्यों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले धरसीवां क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की लापता हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। अगले ही दिन लड़की वापस लौट आई और कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए गए। मामला तब गरमाया जब हाल ही में भाजपा नेत्री व जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी ने ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुँचकर आरोप लगाया कि नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। उन्होंने सिलयारी चौकी प्रभारी पर पीड़िता के परिवार को डराने-धमकाने और रिपोर्ट न लिखने का गंभीर आरोप भी लगाया।

इस खुलासे के बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई है। पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा और जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस की मांग है कि मामले में तुरंत पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाए और सिलयारी चौकी प्रभारी को निलंबित किया जाए। दूसरी ओर, ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और सीएसपी लंबोदर पटेल का कहना है कि पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की है। लड़की के लौटने पर मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए गए थे। अब जो नए आरोप सामने आए हैं, उनकी वैधानिक जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे।