डिजिटल इंडिया में आधी आबादी की ऊंची उड़ान: 4 साल में दोगुनी हुई इंटरनेट चलाने वाली भारतीय महिलाएं

Follow Us

नई दिल्ली। भारत में लड़कियों और महिलाओं के लिए शिक्षा और डिजिटल पहुंच के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिल रहा है। ‘छठी राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण’ (NFHS-6) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाली महिलाओं की संख्या पिछले चार साल में लगभग दोगुनी हो गई है। वर्ष 2019-21 में जहां केवल 33.3% महिलाएं इंटरनेट का उपयोग करती थीं, वहीं 2023-24 में यह आंकड़ा तेजी से बढ़कर 64.3% पर पहुंच गया है।

डिजिटल क्रांति के साथ-साथ महिला शिक्षा के स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 10 वर्ष या उससे अधिक समय तक स्कूली शिक्षा प्राप्त करने वाली महिलाओं का अनुपात 41% से बढ़कर अब 46.4% हो गया है। इसके अलावा, दो से चार साल के बच्चों की प्री-स्कूल में उपस्थिति भी 40.1% से बढ़कर 47% तक पहुंच गई है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बड़ी असमानता:
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इन शानदार उपलब्धियों के बावजूद, इस सर्वे में एक गहरी खाई भी उजागर हुई है। देश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में शैक्षिक अवसरों को लेकर अब भी बड़ा अंतर है। रिपोर्ट के मुताबिक, जहां शहरी भारत में 6 वर्ष और उससे अधिक आयु की लड़कियों व महिलाओं की स्कूल में उपस्थिति दर 84.3% है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा आज भी महज 69.2% पर अटका हुआ है।